24 अगस्त 2026 उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय मानव संसाधन, चिकित्सा उपकरणों की कार्यक्षमता तथा निर्माणाधीन स्वास्थ्य अधोसंरचना की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौसम की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में सुनियोजित कार्ययोजना के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वल्नरेबल एवं आवश्यकता वाले क्षेत्रों में चिकित्सकीय सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
👉 बालाघाट में रिक्त पदों पर शीघ्र हो भर्ती और पदस्थापना
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बालाघाट जिले में चिकित्सकीय एवं सहायक चिकित्सकीय मैनपावर के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आईपीएचएस-12 के अंतर्गत प्रावधानित पदों पर नियुक्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी करने को कहा। साथ ही रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यकता के अनुरूप पदस्थापना एवं भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
👉 खराब उपकरणों की समय पर हो मरम्मत
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों की कार्यक्षमता पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने उपकरणों की नियमित जांच एवं उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब अथवा अनुपयोगी उपकरणों की समय पर मरम्मत कराई जाए और उनकी कार्यशील स्थिति की लगातार निगरानी हो, ताकि मरीजों को आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधा निर्बाध रूप से मिलती रहे।
👉 निर्माणाधीन स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग
उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निर्माणाधीन स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण पूरा होने के बाद स्वास्थ्य संस्थानों को शीघ्र जनसेवा के लिए उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री सुखवीर सिंह, आयुक्त स्वास्थ्य श्री धनराजू एस, अपर संचालक स्वास्थ्य श्री मनोज सरियाम सहित लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
