27 अगस्त को अटल पेंशन योजना पर कार्यशाला, पेंशन योजना की मिलेगी पूरी जानकारी।

REPORTER
By -
0
बालाघाट
अटल पेंशन योजना का ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से 27 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। अग्रणी बैंक कार्यालय बालाघाट के तत्वावधान में होने वाली यह कार्यशाला भटेरा रोड स्थित होटल शीतल पैलेस में सुबह 10 बजे से शुरू होगी। कार्यशाला का शुभारंभ कलेक्टर कुमार सत्यम की मौजूदगी में होगा।
 👉  अग्रणी बैंक प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि कार्यशाला में अटल पेंशन योजना से जुड़ी जरूरी जानकारी लोगों को दी जाएगी। साथ ही योजना में पंजीयन कैसे कराया जाता है और इसका लाभ किस तरह लिया जा सकता है, इसकी भी जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय छिंदवाड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक उत्कर्ष कुमार, भारतीय स्टेट बैंक मंडला क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय मैनेजर आनंद कुमार, पीएफआरडीए के सीजीएम प्रवेश कुमार और प्रबंधक निशांत आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा महिला एवं बाल विकास, कृषि, श्रम, आजीविका मिशन, नगरीय निकाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यशाला में शामिल होंगे। मीडिया प्रतिनिधियों को भी कार्यशाला में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है।
  👉    छोटी बचत से सुरक्षित भविष्य की तैयारी
अटल पेंशन योजना के बारे में जानकारी देते हुए अग्रणी बैंक प्रबंधक ने बताया कि यह योजना लोगों को छोटी-छोटी बचत के जरिए भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा देने का काम करती है। 18 से 40 वर्ष की आयु के लोग इस योजना में अपना पंजीयन करा सकते हैं।
योजना में शामिल व्यक्ति को 60 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद हर महीने निश्चित पेंशन मिलती है। पेंशन की राशि व्यक्ति द्वारा जमा की जाने वाली अंशदान राशि के आधार पर तय होती है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य लोगों को योजना की जानकारी देना और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इससे जोड़ना है।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default