अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये ( जिला संवाददाता बालाघाट)
रामपायली/वारासिवनी, बालाघाटग्राम पंचायत सेलोटपार में सीएम हेल्पलाइन शिकायत की जांच के दौरान शासकीय दस्तावेजों वाली फाइल को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, सचिव एवं सहायक सचिव ने रामपायली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर दो आवेदकों पर शासकीय दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने, कागजात फाड़ने का प्रयास करने, गाली-गलौज एवं धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार 18 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3 बजे ग्राम पंचायत सेलोटपार में सीएम हेल्पलाइन शिकायत की जांच के लिए जनपद पंचायत खैरलांजी के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, एसबीएम-डीसी, उपयंत्री सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे थे। इसी दौरान शिकायत से संबंधित दस्तावेजों की मांग को लेकर मंशाराम दान्दरे एवं मोतीराम ठाकरे भी पंचायत कार्यालय पहुंचे।
शिकायत के मुताबिक अधिकारियों के निर्देश पर पंचायत सचिव द्वारा संबंधित शासकीय फाइल उपलब्ध कराई गई। फाइल देखने के दौरान कथित रूप से विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि फाइल में रखे कुछ दस्तावेजों को फर्जी बताते हुए उन्हें फाड़ने का प्रयास किया गया। मौके पर मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों द्वारा शासकीय दस्तावेजों को बचाने का प्रयास किया गया।
👉 गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप
***********************************
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों एवं जांच में मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज की गई और धमकी भी दी गई। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि लगातार शिकायतों और विवादों के चलते पंचायत का नियमित कामकाज एवं विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
👉 महिला जनप्रतिनिधियों ने जताई परेशानी
********************************-
सरपंच दीपिका राही पांडे एवं उपसरपंच कमला भलावे ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार शिकायतों के माध्यम से परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि शिकायतों की जांच के नाम पर बार-बार उत्पन्न होने वाले विवाद से पंचायत के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
👉 पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
***************************************
सरपंच दीपिका राही पांडे, उपसरपंच कमला भलावे, सचिव महेश हेडाऊ एवं सहायक सचिव विजेन्द्र सिंह घरसेले के हस्ताक्षर से रामपायली थाना प्रभारी को शिकायत सौंपी गई है। शिकायत में मंशाराम दान्दरे एवं मोतीराम ठाकरे के विरुद्ध मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक बालाघाट, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खैरलांजी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बालाघाट एवं एसडीओपी वारासिवनी को भी भेजी गई है।
फिलहाल मामला पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष पहुंच चुका है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पंचायत में शासकीय दस्तावेजों और सीएम हेल्पलाइन शिकायत की जांच को लेकर सामने आए इस विवाद ने पंचायत के कामकाज को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
👉 अभयवाणी न्यूज बालाघाट 👈
