विकासखंड बालाघाट के ग्राम बगदरा में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से जल पहुंचने के बाद ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। कभी पेयजल के लिए दूर-दूर तक भटकने वाली महिलाओं और बच्चों को अब घर की चौखट पर ही पानी उपलब्ध हो रहा है। इससे न केवल समय और मेहनत की बचत हुई है, बल्कि गांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
ग्राम बगदरा की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती खेमेश्वरी लिल्हारे ने बताया कि पहले गांव में पेयजल की समस्या गंभीर थी। महिलाओं को विशेष रूप से पानी भरने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। गर्मी के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती थी। पानी लाने में लगने वाले समय और मेहनत का असर बच्चों की देखभाल तथा घरेलू कामकाज पर भी पड़ता था।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन मिलने के बाद ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या काफी हद तक दूर हुई है। अब महिलाओं को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और घर में ही पानी उपलब्ध होने से रोजमर्रा के काम आसान हो गए हैं।
👉 पानी के साथ बढ़ी स्वच्छता की जागरूकता
**************************************
श्रीमती खेमेश्वरी लिल्हारे के अनुसार, स्वच्छ और पर्याप्त पानी की उपलब्धता का सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर भी दिखाई दे रहा है। आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने और आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया जाता है। घरों में नल से पानी पहुंचने के बाद ग्रामीणों में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है।
👉 महिलाओं को मिली सबसे बड़ी राहत
************************************
जल जीवन मिशन से महिलाओं को विशेष राहत मिली है। पहले पानी जुटाने में काफी समय खर्च होता था, लेकिन अब वही समय परिवार और बच्चों की देखभाल सहित अन्य जरूरी कार्यों में लगाया जा रहा है। ग्रामीणों के लिए घर में नल से पानी पहुंचना महज सुविधा नहीं, बल्कि जीवनशैली में आया महत्वपूर्ण बदलाव बन गया है।
जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। ग्राम बगदरा में योजना के प्रभाव से सुविधा के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कभी पानी के लिए जूझता बगदरा अब घर-घर नल के जल से खुशहाली की नई तस्वीर पेश कर रहा है।
