बाघ के हमले में ग्रामीण घायल, वन विभाग ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल।

REPORTER
By -
0
अभयवाणी
बालाघाट
 कान्हा टाइगर रिजर्व के खापा बफर क्षेत्र अंतर्गत वृत्त मोवाला एवं बीट मोवाला के कक्ष क्रमांक 1106 स्थित बोदल बेहरा क्षेत्र में 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे मशरूम संग्रहण के दौरान बाघ ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के मैदानी अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैहर पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम करेली, पोस्ट करेली, तहसील बैहर निवासी करीब 40 वर्षीय संतोष मेहराम, पिता डिमन लाल मेहराम, मशरूम संग्रहण के लिए बफर क्षेत्र के जंगल में गए थे। इसी दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में संतोष मेहराम के हाथ, पैर एवं सिर में चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घायल ग्रामीण को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई। घटना की जानकारी वरिष्ठ वन अधिकारियों को भी दी गई।
   👉           घायल को दी गई अग्रिम सहायता
************************************
वन विभाग द्वारा घायल ग्रामीण को नियमानुसार अग्रिम सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही घटना की परिस्थितियों, क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों तथा उनके संभावित आवागमन मार्गों की जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और आवश्यक एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं।
   👉          ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील
********************************
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि मशरूम संग्रहण अथवा अन्य कार्यों के लिए अकेले जंगल या वन क्षेत्र में न जाएं। वन क्षेत्र में जाते समय विशेष सावधानी बरतें और वन्यजीव दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
विभाग ने ग्रामीणों से यह भी कहा है कि क्षेत्र में किसी वन्यजीव की गतिविधि अथवा उपस्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम वन अमले या वन विभाग को सूचित करें। ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वन विभाग द्वारा आवश्यक निगरानी एवं सुरक्षा संबंधी कार्रवाई लगातार की जा रही है।
            
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default