जिले में हर्षोल्लास से मनाई गई स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने किया ध्वजारोहण, परेड ने दी तिरंगे को सलामी।

REPORTER
By -
0
अभयवाणी
                प्रहलाद गजभिये जिला ब्युरो बालाघाट
बालाघाट
 जिले में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। जिला मुख्यालय बालाघाट में मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन हुआ। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान जन-गण-मन का गायन किया गया। इसके पश्चात परेड कमांडर श्री योगेंद्र मरावी के नेतृत्व में सीआरपीएफ 123वीं बटालियन, 36वीं वाहिनी, हॉक फोर्स, जिला पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं शौर्यादल के सदस्यों ने शानदार मार्चपास्ट करते हुए तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर हर्ष फायर किए गए और शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गए।
 👉    जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही                                 मौजूदगी
मुख्य समारोह में सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे, मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, श्री गौरीशंकर बिसेन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश रंगलानी, पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित कुमार शाक्यवार, उप महानिरीक्षक श्री विनित जैन, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, लोकतंत्र सेनानी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
👉     मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ सीधा प्रसारण
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए गए संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने जिले की उपलब्धियों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए स्वतंत्रता दिवस का बधाई संदेश पढ़ा।
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। एमएलबी, सांदीपनी विद्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार जिले की विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
परेड के सीनियर वर्ग में हॉक फोर्स ने प्रथम, 123वीं बटालियन सीआरपीएफ ने द्वितीय तथा जिला पुलिस बल पुरुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट प्रथम, सांदीपनी विद्यालय द्वितीय तथा एनएसएस पीजी कॉलेज बालाघाट तृतीय रहा।
15 अगस्त पर शासकीय भवनों में उत्कृष्ट रोशनी के लिए जिला पंचायत बालाघाट को प्रथम, कलेक्टर कार्यालय को द्वितीय तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय को तृतीय पुरस्कार मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय ने प्रथम, एमएलबी बालाघाट की छात्राओं ने द्वितीय तथा सांदीपनी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य समारोह का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान जन-गण-मन के गायन के साथ हुआ।
  👉   स्कूली बच्चों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं                          अधिकारियों ने किया भोजन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के शासकीय विद्यालयों में विशेष मध्यान्ह भोजन का आयोजन किया गया। बच्चों को खीर-पुड़ी एवं लड्डू परोसे गए। सांदीपनी विद्यालय बालाघाट में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, श्री गौरीशंकर बिसेन, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले सहित गणमान्य नागरिकों ने स्कूली बच्चों के साथ भोजन किया।
दूरस्थ एवं आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में कार्यालय प्रमुखों द्वारा तिरंगा फहराया गया।
 👉      कलेक्टर कार्यालय में भी फहराया गया तिरंगा
कलेक्टर कार्यालय में प्रातः 8 बजे कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने तिरंगा झंडा फहराया। इस अवसर पर वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री एमआर कोल, श्री विजय यादव, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शासकीय सेवकों को अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी और ईमानदारी से करना होगा। शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए देश की प्रगति में सभी को अपना योगदान देना चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि देश के अमर शहीदों के बलिदान, उनकी देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक शासकीय सेवक को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।
          अभयवाणी
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default