बघोली में परिवहन विभाग का शिविर आयोजित, 94 युवाओं के बने ड्राइविंग लाइसेंस

:
बालाघाट
संकल्प से समाधान अभियान के तहत परिवहन विभाग द्वारा 12 मार्च 2026, गुरुवार को ग्राम पंचायत बघोली में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पनबिहरी क्लस्टर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए लगाया गया था, जिसमें क्षेत्र के नागरिकों को परिवहन विभाग से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 94 युवाओं के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए।
जिला परिवहन अधिकारी श्री अनिमेष गढ़पाल ने बताया कि शिविर में ग्राम पंचायत रानीकुठार, धारावासी, नगपुरा, पनबिहरी, बघोली, टेकाड़ी (ला), चिचगांव एवं साल्हे (ला) के आवेदकों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा समग्र आईडी के साथ उपस्थित होना अनिवार्य किया गया था।
शिविर के दौरान महिलाओं के लिए लर्निंग लाइसेंस के आवेदन निशुल्क भरे गए, जबकि पुरुष आवेदकों को टू-व्हीलर के लिए 275 रुपये तथा टू-व्हीलर और फोरव्हीलर दोनों के लिए 425 रुपये का आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना पड़ा।
इस दौरान युवाओं को बताया गया कि लर्निंग लाइसेंस बनने के एक माह बाद और छह माह के भीतर आवेदक को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए स्वयं आवेदन करना होगा। स्थायी लाइसेंस के लिए महिलाओं का आवेदन निशुल्क रहेगा, जबकि पुरुषों को टू-व्हीलर के लिए 775 रुपये तथा टू-व्हीलर और फोरव्हीलर दोनों के लिए 1075 रुपये शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
शिविर में यह भी जानकारी दी गई कि आवेदकों की जन्मतिथि आधार कार्ड, मार्कशीट या पैन कार्ड में समान होना आवश्यक है तथा वाहन चलाने के लिए शारीरिक रूप से सक्षम होना भी जरूरी है। शिविर के माध्यम से क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों को परिवहन विभाग की सेवाओं का लाभ मिला।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.