तिरोडी में 199 जोड़ों का सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से नवदंपतियों को मिला 55 हजार का लाभ ।

REPORTER
By -
0
बालाघाट
 जनपद पंचायत कटंगी के ग्राम तिरोडी में सोमवार 9 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में कुल 199 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। विवाह कार्यक्रम में जोड़ों का विवाह हिन्दू, बौद्ध और आदिवासी परंपराओं के अनुसार पूरे विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया गया।
सामूहिक विवाह में शामिल जोड़ों में अन्य पिछड़ा वर्ग के 146, अनुसूचित जाति के 28 तथा अनुसूचित जनजाति के 25 जोड़े शामिल रहे। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक वधु को 49 हजार रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन करने वाली संस्था को प्रति जोड़ा 6 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। इस प्रकार इस योजना के तहत प्रत्येक वर-वधु को कुल 55 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक गौरव सिंह पारधी, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार, जनपद पंचायत कटंगी अध्यक्ष कविता अरविंद देशमुख, जिला पंचायत सभापति केशर बिसेन और रविकांता बोरकर, जनपद पंचायत कटंगी उपाध्यक्ष भानुसिंह पटले तथा जिला पंचायत सदस्य प्रियंका परते सहित जनपद पंचायत के सभापति-सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संपूर्ण वैवाहिक कार्यक्रम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कैलाशचंद्र ठाकुर और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विवेक शर्मा के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं में जनपद पंचायत कटंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गायत्री कुमार सारथी, नायब तहसीलदार पी.एल. सांडिया, थाना प्रभारी कटंगी एवं तिरोडी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी हितेश पिपलेवार, सरपंच फैजिया खान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहे और नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

6 /related/default