अभयवाणी समाचार
बालाघाट, आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, बालाघाट एसडीएम श्री गोपाल सोनी, एडिशनल एसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में गणेश उत्सव, दुर्गोत्सव, दशहरा (विजयादशमी), महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपावली, भगवान बिरसा मुंडा जयंती, गुरुनानक जयंती एवं क्रिसमस के दौरान कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
👉अधिकारियों को बेहतर व्यवस्था के निर्देश
-----------------------------------------------------------
अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक त्योहार के दौरान पिछले वर्षों की तरह बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित विभागों एवं आयोजन समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिह ठाकुर ने गणेश एवं दुर्गा उत्सव समितियों से अपील की कि प्रतिमाओं की स्थापना के लिए उचित स्थान का चयन किया जाए। सड़कों पर अनावश्यक रूप से गड्ढे न खोदे जाएं और आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था की जाए। साथ ही अनावश्यक रूप से तोरण-द्वार आदि लगाने से बचने की बात कही गई।
👉 आपसी समन्वय से बनाए रखें शांति
-------------------------------------------------------
एडिशनल एसपी ने शांति समिति के सदस्यों एवं आयोजन समितियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। बैठक में सभी आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने पर विशेष जोर दिया गया।
