06 अक्टूबर 2026। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के दौरान अनमैप्ड अथवा तार्किक विसंगतियों के कारण जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से रह गए हैं, उन्हें अब नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा। बीएलओ घर-घर पहुंचकर ऐसे पात्र व्यक्तियों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे और नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निर्वाचन अधिकारियों की बैठक लेकर इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डी.पी. बर्मन उपस्थित रहे।
👉 1785 मतदान केन्द्रों पर 3 दिन विशेष शिविर
--------------------------------------
जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों के 1785 मतदान केन्द्रों पर 07, 08 एवं 09 अक्टूबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरवाया जाएगा। एसआईआर के दौरान किसी कारण से नाम जुड़ने से रह गए पात्र व्यक्ति दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपना नाम दर्ज करा सकेंगे। फार्म-6 के साथ किसी घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं होगी।
रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर एवं वंचित वर्ग के लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आवश्यकता के अनुसार विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
👉 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को भी मौका
------------------------------
1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं से अग्रिम रूप से फार्म-6 भरवाए जाएंगे, ताकि उनका नाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
👉 ECINET से ऑनलाइन भी भर सकते हैं फार्म-6
--------------------------------------
मतदाता ECINET एप के माध्यम से ऑनलाइन यह भी जांच सकते हैं कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। नाम नहीं होने पर इसी एप के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन संबंधित बीएलओ की आईडी में दिखाई देता है, जिससे आवेदक को फार्म जमा करने के लिए अलग से बीएलओ के पास जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
