राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत वीरांगना रानी अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय, खैरलांजी में सोमवार को ग्रीटिंग कार्ड निर्माण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’, नारी सशक्तिकरण, भारतीय सेना, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, नशामुक्ति और लोक संस्कृति जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम प्राचार्य नीरज सिंह ठाकुर के निर्देशन एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रोहित कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों को दर्शाया।
प्राचार्य ठाकुर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां रचनात्मकता बढ़ाने के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करती हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
