जिले के किरनापुर और लांजी थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारियों से हुई लूट की दो सनसनीखेज वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय ‘ऐरागोल्ला गैंग’ के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति में लगभग 70 ग्राम सोना और 2.8 किलोग्राम चांदी शामिल है।
पुलिस के अनुसार गिरोह मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्रप्रदेश में भी सक्रिय रहा है। आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए आसान नहीं था। करीब 65 दिनों तक चली जांच में पुलिस की 14 टीमों ने 22,270 किलोमीटर की सड़क यात्रा की और चार राज्यों के 21 जिलों में आरोपियों की तलाश की।
👉 6.24 लाख टेलीफोन रिकॉर्ड खंगाले
******************************
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 190 लोगों से पूछताछ की। छह अलग-अलग जेलों में बंद आरोपियों से भी पूछताछ की गई। लगभग 2,000 किलोमीटर लंबे मार्ग पर लगे 250 से 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा पुलिस ने 6,24,588 टेलीफोन रिकॉर्ड का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों की गतिविधियों और आपसी संपर्कों की कड़ियां जोड़ीं।
👉 स्पोर्ट्स बाइक और हेलमेट से छिपाते थे पहचान
*********************************
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य वारदात के लिए स्पोर्ट्स मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे। पहचान छिपाने के लिए आरोपी हेलमेट पहनते थे और वारदात के बाद निर्धारित स्थानों पर मोटरसाइकिल और कपड़े बदल देते थे। पुलिस के अनुसार कई बार बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल किया गया।
आरोपी अपने घर से घटनास्थल तक पहुंचने के दौरान सामान्य मोबाइल सिम या हैंडसेट का नियमित इस्तेमाल नहीं करते थे। इंटरनेट कॉलिंग का सीमित उपयोग किया जाता था। मोबाइल फोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से वारदात के दौरान किया जाता था। वारदात के बाद आरोपी तत्काल दूरस्थ स्थानों पर पहुंचकर लूटे गए माल का आपस में बंटवारा कर लेते थे।
👉 रजेगांव में सराफा व्यापारी से दो बैग लूटे
पहली वारदात 5 अगस्त 2026 को किरनापुर थाना क्षेत्र के रजेगांव में हुई थी। सागर ज्वेलर्स के संचालक गेंदलाल करंडे दुकान बंद करने के बाद सोने-चांदी के आभूषण और हिसाब के रजिस्टर से भरे दो बैग स्कूटी पर रखकर घर जा रहे थे।
इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनकी स्कूटी के सामने बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया और दोनों बैग छीनकर फरार हो गए। मामले में किरनापुर थाने में अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत धारा 126(2), 309(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया था।
👉 लांजी में व्यापारी के सिर पर डंडा मारकर लूट
***********************************
दूसरी वारदात 28 अगस्त 2026 को लांजी थाना क्षेत्र में हुई थी। इस मामले में भी बदमाशों ने सराफा व्यापारी को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़ते हुए तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंच बनाई।
65 दिन की जांच के बाद तीन आरोपी गिरफ्त में
लगातार 65 दिनों तक चली जांच, हजारों किलोमीटर की दौड़ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लूट की दोनों वारदातों का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों से करीब 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
