मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर के दौरान कटंगी विधायक गौरव सिंह पारधी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों और किसानों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा, जिला पंचायत महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति श्रीमती केसर बिसेन, नगर पंचायत पार्षद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
👉 जंगली सुअरों से फसल नुकसान का होगा सर्वे
-----------------------------------------------
विधायक पारधी ने ग्राम देवठाना में जंगली सुअरों द्वारा किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी पर वन एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत राशि दिलाने की कार्रवाई करने को कहा। साथ ही किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए सोलर फेंसिंग की व्यवस्था पर भी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।
👉 भूरा माहू के प्रकोप पर कृषि विभाग को सक्रिय रहने के निर्देश।
--------------------------------------
धान फसल में कीट प्रकोप को लेकर विधायक ने प्रभावित खेतों का शीघ्र सर्वे कराने को कहा। उन्होंने कृषि विभाग को भूरा माहू के प्रकोप से बचाव के लिए किसानों को उचित सलाह और मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। दवा के उपयोग के बावजूद फसल पर असर नहीं होने की शिकायतों की जांच कराने तथा जिले में बिकने वाले कीटनाशकों के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने स्पष्ट किया कि नकली या अमानक कीटनाशकों की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।
👉 धान खरीदी से पहले शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन ।
----------------------------------------------
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विधायक ने उपायुक्त सहकारिता और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के पंजीयन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। निर्धारित समय सीमा में विधानसभा क्षेत्र के शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए।
👉विधायक ने कहा कि पिछले वर्ष जिन खरीदी केंद्रों पर धान खरीदी हुई थी, इस वर्ष भी उन्हीं सभी केंद्रों पर धान खरीदी की जाए। खरीदी केंद्रों में किसी भी तरह का अनावश्यक परिवर्तन नहीं किया जाए।
👉 निर्माण कार्य रोकने और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश
--------------------------------------
विधायक पारधी ने ग्राम चाकाहेटी में दिव्या मिनरल्स द्वारा खनिज, वन एवं अन्य विभागों की अनुमति के बिना कराए जा रहे निर्माण कार्य को रोकने के निर्देश दिए। इसी प्रकार गर्रा-सादाबोड़ी में चल रहे निर्माण कार्य की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
