अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो बालाघाट)
लांजी थाना लांजी क्षेत्र के ग्राम कुलपा में 25 जुलाई को बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर डकैती की सनसनी खेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती को डराने-धमकाने के लिए उनके मुंह में लोहे की रॉड डालकर तथा गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे जेवरात एवं नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
वारदात के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच दल गठित किया। जांच के दौरान संदेहियों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस के अनुसार वारदात में आमगांव, गोदिया निवासी आरोपियों सहित कुल 7 लोगों की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में वारदात की पूरी साजिश और घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
👉 जेवरात और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की दो जोड़ी बालियां, सोने का पेंडल, चांदी की करधनी, तीन चांदी के कड़े तथा करीब 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 3.75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी बरामद की है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती के घर की पहले रेकी की थी। इसके बाद मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मामले में फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। विवेचना के दौरान डकैती से संबंधित अन्य धाराओं में भी बढ़ोतरी की गई है।
लांजी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती को निशाना बनाने वाली वारदात के बाद पुलिस की सक्रियता को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
👉 अभयवाणी न्यूज बालाघाट👈
