बालाघाट
ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ धरातल पर किस स्तर तक पहुंच रहा है और आमजन को मूलभूत सुविधाएं किस गुणवत्ता के साथ उपलब्ध हो रही हैं, इसकी हकीकत जानने प्रशासन ने मैदानी निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बालाघाट श्री गोपाल सोनी के निर्देश पर गुरुवार को तहसीलदार सुश्री छवि पंत ने तहसील अंतर्गत ग्राम बघोली, अमेड़ा एवं रट्टा का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, राजस्व, महिला एवं बाल विकास तथा पेयजल व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने संबंधित हल्कों में पदस्थ पटवारियों की उपस्थिति, राजस्व अभिलेखों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभिलेखों का परीक्षण कर कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने शासकीय विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं ग्राम पंचायत भवनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। भवनों की स्थिति, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों को उपलब्ध पेयजल व्यवस्था का भी गंभीरता से निरीक्षण किया गया। तहसीलदार ने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी और जहां भी समस्याएं हैं, उनका त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालयों में संचालित मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों से किसी प्रकार का समझौता न हो।
निरीक्षण के समापन पर तहसीलदार सुश्री छवि पंत ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। प्रशासन की यह सक्रिय पहल ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, जवाबदेही और जनसेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
0 टिप्पणियाँ