राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को अंबेडकर चौक में यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों एवं परिषद कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। हास्य और संदेश के समन्वय से प्रस्तुत नाटक ने राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें सुरक्षित यातायात के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के समापन पर अभाविप के जिला संयोजक आदित्य अग्रवाल ने उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। अनुशासित यातायात व्यवस्था से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर मंत्री कलश असाटी ने बताया कि स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत जिलेभर में प्रतिभा सम्मान, मैराथन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध प्रतियोगिता एवं साइकिल यात्रा जैसे विभिन्न आयोजन भी किए जाएंगे।
0 टिप्पणियाँ