तड़के 4 बजे कलेक्टर की सख्ती का असर जिला चिकित्सालय में व्यवस्थाओं में सुधार शुरू, मेल-फीमेल वार्ड में बढ़ाए गए अतिरिक्त बेड।

बालाघाट 
जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेड नहीं मिलने और उपचार में लापरवाही की शिकायत के बाद प्रशासनिक सख्ती का असर दिखाई देने लगा है। कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रबंधन ने व्यवस्थाओं में सुधार की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेल एवं फीमेल वार्ड में 05-05 अतिरिक्त बेड लगाए गए हैं।बताया गया है कि 24 मई की तड़के लगभग 04 बजे कलेक्टर श्री मीना अचानक जिला चिकित्सालय पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डों की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
 👉       मरीज की शिकायत पर पहुंचे कलेक्टर
*******-****************************
जानकारी के अनुसार ग्राम हीरापुर निवासी शुभम वराड़े को 24 मई की रात्रि लगभग 03:15 बजे पेट दर्द एवं उल्टी की शिकायत के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। उपचार में लापरवाही की सूचना मिलने पर कलेक्टर श्री मृणाल मीना तत्काल अस्पताल पहुंचे और मेल एवं फीमेल वार्ड का निरीक्षण किया।
  👉      ड्यूटी से गायब मिले आउटसोर्स कर्मचारी
*********************************
      निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात
 आउटसोर्स कर्मचारी आविष्कार मेश्राम, कैलाश झलपे एवं सुरक्षा गार्ड राधेश्याम बघेले अपने कर्तव्य स्थल पर अनुपस्थित पाए गए। जांच के दौरान तीनों कर्मचारी मरीजों के बेड पर सोते हुए मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने आउटसोर्स प्रोपराइटर निशिथ श्रीवास्तव को संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सेवा से पृथक करने तथा उनके स्थान पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
👉      दो नर्सिंग अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
*********************************
मरीज के उपचार में लापरवाही पाए जाने पर नर्सिंग अधिकारी श्वेता वानखेड़े एवं सपना दाते को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप ने नोटिस में पूछा है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवा जबलपुर को प्रस्ताव क्यों न भेजा जाए। दोनों नर्सिंग अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर सिविल सर्जन के अभिमत सहित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
   👉     मरीजों से शिकायत दर्ज कराने की अपील
*****************************
कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप के मोबाइल नंबर 9424978190 अथवा सिविल सर्जन डॉ. नीलय जैन के मोबाइल नंबर 9425138700 पर संपर्क करे ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved