अवैध शराब कारोबारियों पर आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार जंगल में चल रही हाथ भट्टी शराब निर्माण की गतिविधि पर छापा, 35 लीटर कच्ची शराब और 750 किलो महुआ लाहन जब्त80 हजार रुपये से अधिक की सामग्री नष्ट, दो प्रकरण दर्ज कर शुरू की गई विवेचना।

बालाघाट
जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में बुधवार 21 मई 2026 को आबकारी वृत्त वारासिवनी की टीम ने ग्राम कटोरी के जंगल क्षेत्रमें दबिश देकर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान हाथ भट्टी से तैयार की जा रही महुआ की कच्ची शराब एवं भारी मात्रा में महुआ लाहन बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को लंबे समय से ग्राम कटोरी के आसपास जंगल क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर छापामार कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल के भीतर चल रही अवैध शराब निर्माण गतिविधियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान विभाग को 35 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब तथा लगभग 750 किलोग्राम महुआ लाहन मिला, जिसका उपयोग शराब तैयार करने में किया जा रहा था।
आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क/च के तहत 2 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए महुआ लाहन के नमूने विधिवत सुरक्षित किए गए, जबकि शेष लाहन को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके। विभाग द्वारा जब्त एवं नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 80 हजार रुपये आंका गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि हाथ भट्टी से तैयार की जाने वाली कच्ची शराब पूरी तरह अवैध एवं अमानक होती है। इसके निर्माण में स्वच्छता एवं गुणवत्ता संबंधी किसी भी मानक का पालन नहीं किया जाता, जिससे यह मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। ऐसी शराब के सेवन से गंभीर बीमारी, दृष्टि दोष और जान जाने तक का खतरा बना रहता है। इसी कारण जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन या आबकारी विभाग को सूचित करें।
इस पूरी कार्रवाई में वृत्त प्रभारी उपनिरीक्षक श्री संदीप श्रीवास, आरक्षक श्री भानुप्रताप मर्सकोले एवं सुश्री अनिता कुमरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभागीय टीम की तत्परता और सतर्कता के चलते अवैध शराब निर्माण की बड़ी खेप नष्ट करने में सफलता मिली।
                        ✍️
                     बालाघाट
                   👆👆👆👆

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved