बालाघाट में “सबसे दूर सबसे पहले” अभियान शुरू दूरस्थ जन जातीय परिवारों तक पहुंचेंगी शासन की योजनाएं, 25 मई तक लगेंगे संतृप्ति शिविर।

बालाघाट
Madhya Pradesh के Balaghat जिले में जनजातीय वर्ग के दूरस्थ एवं वंचित परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से “सबसे दूर सबसे पहले” अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जन-मन एवं धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत संचालित यह विशेष अभियान 18 मई 2026 से प्रारंभ होकर 25 मई 2026 तक जिलेभर में जारी रहेगा। अभियान के तहत चिन्हित ग्रामों एवं बसाहटों में निवासरत पात्र जनजातीय परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक सर्वे और संतृप्ति शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विशेष संतृप्ति शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के 165 ग्रामों में प्राचार्यों तथा 347 ग्रामों में छात्रावास अधीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी घर-घर पहुंचकर सर्वे कार्य कर रहे हैं और लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी भी दे रहे हैं।
अभियान के दौरान आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच भी की जा रही है। वहीं विभिन्न योजनाओं के आवेदन भी बड़ी संख्या में प्राप्त हो रहे हैं। अभियान के प्रथम दिवस 18 मई को आहार अनुदान योजना के 38 आवेदन, वन अधिकार पट्टा के 150 आवेदन, जाति प्रमाण पत्र के 200 आवेदन, आयुष्मान कार्ड के 200 आवेदन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 50 नए आवेदन प्राप्त हुए।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के दूरस्थ अंचलों में रहने वाला कोई भी पात्र जनजातीय परिवार शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। संतृप्ति शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं तथा दस्तावेजों की प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है।
प्रशासन ने जनजातीय वर्ग के लोगों से अपील की है कि वे अपने ग्रामों में आयोजित शिविरों में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन प्रस्तुत करें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ें।
                          ✍️
                 बालाघाट
              👆👆👆👆

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved