13 मई को लाडली बहनों को मिलेगी 36वीं किश्त मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गोटेगांव से करेंगे 1835 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण।

बालाघाट
 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव13 मई को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 36वीं किश्त की राशि प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 महिलाओं के खातों में कुल 1835 करोड़ 67 लाख 29 हजार 250 रुपये की राशि जमा करेंगे। इसमें बालाघाट जिले की 3 लाख से अधिक लाड़ली बहनें भी लाभान्वित होंगी।
36वीं किश्त के तहत पात्र महिलाओं के खातों में 1500-1500 रुपये की राशि सीधे जमा की जाएगी। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है, जो महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रदेश में महिला कल्याण और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरी है। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिलने से वे घरेलू खर्चों का बेहतर प्रबंधन कर पा रही हैं तथा बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य पर अधिक प्रभावी ढंग से खर्च कर रही हैं।
योजना से प्राप्त राशि ने अनेक महिलाओं को स्व-सहायता समूहों, लघु उद्योगों और स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है। इससे महिलाओं के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हुए हैं तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ परिवार के महत्वपूर्ण निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है।
प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में जमा होने से महिलाओं का जुड़ाव औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से बढ़ा है। इससे उनमें वित्तीय साक्षरता और आर्थिक आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है। योजना का लाभ ग्रामीण, शहरी, आदिवासी, कल्याणी, तलाकशुदा एवं परित्यक्त महिलाओं सहित समाज के व्यापक वर्ग को मिल रहा है।
राज्य सरकार द्वारा विभिन्न त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने से योजना महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता के साथ भावनात्मक संबल का भी माध्यम बन गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved