बालाघाट
अंबेडकर जयंती के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय बालाघाट में गरिमामय एवं भव्य समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जहां संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पणएवं संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ हुआ। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, शिक्षाविद श्रीमती लता ऐलकर, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, मानव अधिकार कार्यकर्ता श्रीमती फिरोजा खान, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती दीपमाला मंगोदिया, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. युवराज रहांगडाले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती भारती पारधी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश को समानता, न्याय और अधिकारों की मजबूत नींव प्रदान की। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, और उनके विचार आज भी देश और समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और संविधान में निहित मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम में इंग्लिश मीडियम आश्रम शाला के विद्यार्थियों द्वारा डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं कन्या शिक्षा परिसर गोंगलई की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर प्रदेश मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली शासकीय हाईस्कूल खरखड़ी की छात्रा कु. पाली डोंगरे एवं उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट के छात्र करण कनोजे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, जिसमें संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत श्रीमती सुषमा बारमाटे को 5 लाख 40 हजार रुपये, डॉ. भीमराव अंबेडकर योजना के अंतर्गत अरुण बारमाटे को 50 हजार रुपये तथा अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत कोकिला एवं अभिषेक नागवंशी को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम को नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर एवं पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन ने भी संबोधित किया। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 से 25 अप्रैल तक आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आजीविका मिशन की महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया। इस दौरान महिला आरक्षण एवं सशक्तिकरण विषय पर श्रीमती शीला पटले, इन्द्राणी वरकड़े सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
0 टिप्पणियाँ