जन्म दिवस पर जनसेवा का संकल्प - 23 फरवरी को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीबी जांच शिविर।

बालाघाट
बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद भारती पारधी ने अपने जन्मदिवस को सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ समर्पित करते हुए 23 फरवरी, सोमवार को निःशुल्क विशाल स्वास्थ्य एवं टीबी (क्षयरोग) जांच शिविर का आयोजन किया है। शिविर का आयोजन बालाघाट के अंबेडकर चौक स्थित तुरकर भवन में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक किया जाएगा।
सांसद श्रीमती पारधी ने बताया कि जनसेवा उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य है तथा जन्मदिन जैसे विशेष अवसर को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के रूप में मनाना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुँचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं टीबी जांच सुविधा का लाभ लेने की अपील की है।
शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप एवं शुगर जांच सहित टीबी की विशेष स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं समय रहते रोगों की पहचान सुनिश्चित करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved