नदी में चल रहा था अवैध रेत का खेल! एसडीएम की दबिश से पहले कौन हो गया फरार?

REPORTER
By -
0
बालाघाट
 जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कटंगी अनुविभाग के बोनकट्टा ग्राम में बावनथड़ी नदी से अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर राजस्व और पुलिस अमले ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरी तीन ट्रॉलियां जब्त कीं। वहीं, नदी तक पहुंचने के लिए बनाए गए अवैध रास्ते को जेसीबी की मदद से गहरे गड्ढे खुदवाकर बंद करा दिया गया।
         प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार 29 अक्टूबर को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कटंगी विजय सिंह यादव को बोनकट्टा ग्राम में बावनथड़ी नदी से अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली थी। एसडीएम ने तत्काल तहसीलदार तिरोड़ी को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पटवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की पुष्टि की और अवैध रेत परिवहन में इस्तेमाल हो रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जानकारी अधिकारियों को दी।
            सूचना मिलते ही एसडीएम ने थाना प्रभारी तिरोड़ी को पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और स्वयं तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, राजस्व और पुलिस अमले के पहुंचने से पहले ही उत्खनन में संलिप्त लोग ट्रैक्टर लेकर वहां से निकल चुके थे। मौके पर रेत से भरी तीन ट्रॉलियां मिलीं। आसपास ट्रैक्टरों के पहियों के निशान भी पाए गए।             👉        ट्रॉलियां जब्त, अवैध रास्ते पर जेसीबी का एक्शन
मौके पर ट्रैक्टर नहीं मिलने के बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई आगे बढ़ाई। ग्रामीणों की सहायता से ट्रैक्टरों की व्यवस्था कर रेत से भरी तीनों ट्रॉलियों को थाना तिरोड़ी पहुंचाया गया, जहां उन्हें पुलिस की सुपुर्दगी में रखा गया है। इसके साथ ही अवैध उत्खनन और परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे रास्ते को जेसीबी से गहरे गड्ढे खुदवाकर बंद करा दिया गया, ताकि इस मार्ग से दोबारा अवैध गतिविधियों को अंजाम देना आसान न हो।
    👉      अवैध उत्खनन पर कार्रवाई जारी रहेगी
एसडीएम विजय सिंह यादव ने बताया कि अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से नियमानुसार कार्रवाई करता है। बोनकट्टा में भी सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। रेत से भरी तीन ट्रॉलियां थाना तिरोड़ी की सुपुर्दगी में रखवाई गई हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई के दौरान थाना तिरोड़ी के उपनिरीक्षक दादूराम पटले, पटवारी प्रहलाद सहित राजस्व अमले के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default