अभयवाणी
बालाघाट शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री देवेंद्र सुंदरियाल के निर्देशन में जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केन्द्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा बच्चों के लिए विशेष एवं पौष्टिक भोज की व्यवस्था की गई।
जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों ने श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। आंगनवाड़ी केंद्रों में भजन, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही बच्चों ने चित्रकला, रंग भरने तथा अन्य मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन के दौरान बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराया गया। खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सहभागिता, रचनात्मकता और सामाजिक व्यवहार को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष आयोजन का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक पोषण आहार उपलब्ध कराने के साथ उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा। साथ ही बच्चों में भारतीय सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों के प्रति रुचि और समझ विकसित करना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा।
