अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये( जिला ब्युरो बालाघाट )
बालाघाटमहिला एवं बाल विकास विभाग ने कार्य में लगातार लापरवाही और आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में अनियमितता पाए जाने पर बालाघाट ग्रामीण परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र नवेगांव की कार्यकर्ता श्रीमती भूमेश्वरी बिसेन को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देश पर की गई है।
विभागीय निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र खुला मिला तथा सहायिका अपने दायित्वों का निर्वहन करती हुई उपस्थित थीं, लेकिन कार्यकर्ता बिना किसी पूर्व सूचना अथवा अनुमति के अनुपस्थित पाई गईं। निरीक्षण के समय केंद्र में केवल दो बच्चे मौजूद मिले, जिससे केंद्र के नियमित संचालन एवं बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने में गंभीर लापरवाही उजागर हुई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार संबंधित कार्यकर्ता को पूर्व में भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन उनके कार्य व्यवहार में अपेक्षित सुधार नहीं आया। विभाग ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का समय पर संचालन, बच्चों की नियमित उपस्थिति तथा हितग्राहियों को निर्धारित सेवाएं उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद लगातार लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया है।
विभाग ने कार्यकर्ता को तीन दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यदि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो विभागीय नियमों के तहत उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित कार्यकर्ता की होगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों एवं हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
👉 अभयवाणी न्यूज बालाघाट 👈
