बीमारी से तीन बच्चों की मौत पर प्रशासन गंभीर, कलेक्टर कुमार सत्यम ने प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य अमला भेजा।

REPORTER
By -
0
अभयवाणी
 प्रहलाद गजभिये ( अभयवाणी न्यूज )
बालाघाट/बैहर
बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत अगोरी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बांदरी एवं कुंडेकसा में बीमारी के कारण तीन बच्चों की मृत्यु के मामले को नवपदस्थ कलेक्टर कुमार सत्यम ने गंभीरता से लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांवों में तत्काल पहुंचकर राहत एवं उपचार कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ प्रभावित गांवों में पहुंचे। अधिकारियों ने गांवों का निरीक्षण कर बीमार बच्चों एवं अन्य मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि समय पर उपचार मिलने से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है, इसलिए बीमारी को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
प्रशासन ने ऐसे परिवारों को भी समझाइश दी, जो मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं थे। ग्राम पंचायत के सरपंच को निर्देश दिए गए कि अस्पताल जाने से इनकार करने वाले लोगों को अन्य ग्रामीणों से अलग रखने की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि संभावित बीमारी के फैलाव को रोका जा सके।
 👉    घर-घर सर्वे, दवाओं की उपलब्धता के निर्देश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को प्रभावित गांवों में प्रतिदिन स्वास्थ्य जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रत्येक घर का सर्वे कर बीमार व्यक्तियों की पहचान करने, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल अस्पताल भेजने को कहा गया है।
वहीं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आवश्यक चिकित्सा एवं राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
👉      कलेक्टर ने दिए नियमित निगरानी के निर्देश
कलेक्टर कुमार सत्यम ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी नए मरीज की सूचना मिलते ही तत्काल उपचार एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ बीमारी के संभावित फैलाव पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
प्रहलाद गजभिये ( अभयवाणी न्यूज )
Tags:

إرسال تعليق

0 تعليقات

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

6 /related/default