बालाघाट के नए कलेक्टर कुमार सत्यम ने संभाला कार्यभार, संवेदनशीलता और पारदर्शिता होगी प्राथमिकता।

REPORTER
By -
0
अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये( जिला ब्युरो बालाघाट)
बालाघाट 
जिले को नए कलेक्टर के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) वर्ष 2017 बैच के अधिकारी कुमार सत्यम की नियुक्ति मिल गई है। उन्होंने सोमवार, 3 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिला अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासन की कार्यशैली को लेकर अपनी स्पष्ट प्राथमिकताएं साझा कीं।
कलेक्टर कुमार सत्यम ने कहा कि जिले में प्रशासन का मूल उद्देश्य आमजन को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यालयों तक सीमित न रहकर अधिक से अधिक फील्ड विजिट करें, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर समस्याओं का मौके पर निराकरण करें तथा जनहित के मामलों में सक्रिय और जवाबदेह भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही जिले को विकास, सुशासन और बेहतर प्रशासनिक कार्यप्रणाली के प्रत्येक मानक पर प्रदेश के अग्रणी जिलों में बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
कलेक्टर कुमार सत्यम ने 7 अगस्त से प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अभियान के तहत आयोजित शिविरों में सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि आईएएस अधिकारी कुमार सत्यम इससे पूर्व एसडीएम डिंडोरी, एसडीएम सौंसर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत मंदसौर तथा अतिरिक्त कलेक्टर ग्वालियर जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली से बालाघाट जिले के विकास एवं सुशासन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
        👉     अभयवाणी न्यूज बालाघाट       👈
Tags:

إرسال تعليق

0 تعليقات

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

6 /related/default