अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये( जिला संवाददाता बालाघाट )
खैरलांजी / बालाघाटस्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वीरांगना रानी अवंतीबाई शासकीय महाविद्यालय, खैरलांजी में विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 10 अगस्त को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रेड रिबन के संयुक्त तत्वावधान में बाइक रैली एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई बाइक रैली गोद ग्राम किन्हीं तक पहुंची। रैली में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे देशभक्ति नारों के साथ आमजन को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
गोद ग्राम किन्हीं में बनाई मानव श्रृंखला
बाइक रैली के बाद गोद ग्राम किन्हीं में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ द्वारा मानव श्रृंखला बनाई गई। इसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने नागरिकों से अभियान से जुड़ने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी श्री रोहित कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक जागरूकता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में शैक्षणिक अधिकारी डॉ. एस.के. अब्दुस शमीम, डॉ. प्रतिभा राजपूत, डॉ. अशोक टेर्भुणे डॉ. मनीष कुमार डोंगरे, डॉ. विवेक खरगाल, श्री वीरेंद्र कुमार पटले, श्री अमर सिंह गौड़ एवं शालिनी मेश्राम सहित महाविद्यालय के अशैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाइक रैली एवं मानव श्रृंखला के माध्यम से महाविद्यालय परिवार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
👉 अभयवाणी न्यूज बालाघाट 👈
