अभयवाणी
बालाघाट
अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बालाघाट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री अभिनव सिंह बघेल को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान बैंक द्वारा अटल पेंशन योजना के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।कलेक्टर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के प्रशासक श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन तथा बैंक भोपाल के अधिकारियों के निरंतर सहयोग से बालाघाट जिला सहकारी केंद्रीय बैंक ने अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। बैंक के मुख्यालय, शाखाओं एवं समितियों के अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से बैंक को राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान प्राप्त हुआ।
पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) द्वारा 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए श्री अभिनव सिंह बघेल को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बैंक के प्रबंधक लेखा श्री पी. जोशी भी उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री बघेल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, उसकी शाखाओं एवं समितियों से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने बैंक की पूरी टीम के निरंतर प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
बालाघाट जिला सहकारी बैंक की इस उपलब्धि से जिले की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। अटल पेंशन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में प्राप्त यह सम्मान बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उत्साहवर्धक माना जा रहा है।
