जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कई नदी-नाले उफान पर हैं और अनेक संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं। इसी बीच परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बड़ा जागपुर– अगरवाड़ा मार्ग पर स्थित पुलिया तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे ग्रामीणों, किसानों और स्कूली विद्यार्थियों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को परसवाड़ा विधायक मधु भगत स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि नई पुलिया बनने तक आवागमन बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिया निर्माण शुरू होने से पहले तत्काल वैकल्पिक मार्ग तैयार कराया जाए, ताकि किसानों की खेती-किसानी, विद्यार्थियों की पढ़ाई और ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन की पहली जिम्मेदारी लोगों को शीघ्र राहत पहुंचाना है।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों से क्षति का त्वरित आकलन कर स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
0 टिप्पणियाँ