प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो बालाघाट )
बालाघाटजिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायतों के आधार पर गर्रा स्थित सावजी भोजनालय एवं जैन बेकरी में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सावजी भोजनालय में गंभीर स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं मिलने पर उसके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया, जबकि जैन बेकरी से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में सावजी भोजनालय का खाद्य सुरक्षा पंजीयन वैध पाया गया, लेकिन किचन और भोजन तैयार करने वाले क्षेत्र की स्थिति अत्यंत खराब मिली। निरीक्षण के दौरान किचन एवं बर्तन धुलाई क्षेत्र की दीवारें और फर्श जर्जर पाए गए। परिसर में गंदगी, मक्खियों का प्रकोप, अव्यवस्थित रखरखाव तथा अस्वच्छ वातावरण मिलने पर अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित भोजनालय के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की।
वहीं, जैन बेकरी के विरुद्ध खाद्य पदार्थों में रसायनों एवं कृत्रिम रंगों के उपयोग की शिकायत मिलने पर विभाग ने जांच की। कार्रवाई के दौरान डोनट, इंप्रूवर, एनहांसर सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कहा है कि जिले के नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा मिलावट, अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 अभयवाणी समाचार पत्र 👈
👆👆👆
