बालाघाट
अभयवाणी न्यूज प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो )
लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार सांदीपनि शासकीय विद्यालय, बालाघाट में बुधवार को गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का शुभारंभ श्रद्धा, अनुशासन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के वातावरण में हुआ।इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चयनित बाल केबिनेट के पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण कर विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नवागत जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन तथा विशिष्ट अतिथि एडीपीसी श्री मोहित डहेरिया रहे। मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों, विस्तार कार्यों और उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों की जानकारी दी।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य ने नव-निर्वाचित बाल केबिनेट के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत विद्यार्थियों ने गुरु महिमा पर आधारित गीतों एवं प्रेरक श्लोकों की मनोहारी प्रस्तुतियों से गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को जीवंत कर दिया।
अपने प्रेरक संबोधन में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन ने कबीरदास के प्रसिद्ध दोहे "गुरु गोविंद दोऊ खड़े..." का भावार्थ समझाते हुए विद्यार्थियों को गुरु के प्रति सम्मान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन में किया गया परिश्रम ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
विशिष्ट अतिथि श्री मोहित डहेरिया ने 15 से 29 जुलाई तक आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में बाल केबिनेट प्रभारी श्री लोकेश मेश्राम, श्रीमती सुनीता बंसोड़ एवं मंच संचालक श्री मुकेश कुमार बिसेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
