मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन की यात्रा के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों से 11 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले से 25 जुलाई को विशेष ट्रेन रवाना होगी, जिसमें बालाघाट जिले के लिए 191 सीटें आरक्षित की गई हैं।
योजना के अंतर्गत इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों को आवेदन पत्र दो प्रतियों में भरकर संबंधित तहसील कार्यालय, नगर पालिका अथवा जनपद पंचायत कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन के साथ निवास प्रमाण के रूप में राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, विद्युत बिल, मतदाता पहचान पत्र, शस्त्र लाइसेंस या शासन द्वारा मान्य अन्य दस्तावेज, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना अनिवार्य है।
आवेदक को यह घोषणा पत्र भी देना होगा कि वह आयकरदाता नहीं है तथा पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ नहीं लिया है। योजना के अनुसार, बीते पांच वर्षों में यात्रा कर चुके व्यक्ति इस बार पात्र नहीं होंगे।
जानकारी के अनुसार 25 जुलाई को बालाघाट रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन में बालाघाट के 191 यात्रियों के अलावा मंडला, जबलपुर और कटनी जिलों के तीर्थयात्री भी यात्रा करेंगे। मंडला जिले के यात्री नैनपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होंगे। यात्रा पूर्ण होने के बाद विशेष ट्रेन 28 जुलाई को वापस बालाघाट पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान यात्रियों के ठहरने, भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं राज्य शासन द्वारा की जाएंगी। हालांकि, यात्रा प्रारंभ होने वाले रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का खर्च यात्रियों को स्वयं वहन करना होगा।
0 टिप्पणियाँ