अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला जेल बालाघाट में योग एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालाघाट के अध्यक्ष श्री प्राणेश कुमार प्राण के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान योग प्रशिक्षक ने जेल परिसर में बंदियों को सामूहिक योग एवं प्राणायाम कराया। साथ ही योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि योग व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर प्रथम जिला न्यायाधीश श्री गौतम सिंह मरकाम ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग और प्राणायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग से मानसिक तनाव कम होता है, मन शांत रहता है तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक है।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीतेन्द्र मोहन धुर्वे, जेल अधीक्षक श्री आर.एल. सहलाम, श्री धनेन्द्र उपराडे, श्री विनोद उइके सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे।
0 تعليقات