कलेक्टर मृणाल मीना ने शनिवार 16 मई को कटंगी में सभी विभागों के खंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर जी एस धुर्वे एवं डी पी बर्मन भी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने एसडीएम कटंगी को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से अनुभाग स्तर पर सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि एसडीएम केवल राजस्व विभाग तक सीमित न रहें, बल्कि सभी विभागों की योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सर्व शिक्षा अभियान एवं जिला शिक्षा अधिकारी को कक्षा 1 से 8 तथा 9 से 12 तक शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीयन शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कक्षा 6 एवं 9 के विद्यार्थियों को साइकिल तथा सभी बच्चों को पाठ्य-पुस्तकों का त्वरित वितरण कर पोर्टल पर प्रविष्टि करने को कहा गया। कमजोर शैक्षणिक स्तर वाली शालाओं में 30 मई को एफएलएन मेला आयोजित करने तथा बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा में पशुओं के एफएमडी टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान एवं कामधेनु योजना में कम प्रगति पाए जाने पर संबंधित एव्हीएफओ को नोटिस जारी करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
श्रम विभाग की संबल योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि श्रमिकों के पंजीयन, अंत्येष्टि सहायता एवं अनुग्रह राशि के प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। पंचायत सचिव अथवा पटवारी के प्रमाण-पत्र के अभाव में प्रकरण लंबित न रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन कराने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा कृषि विभाग की समीक्षा में सभी कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक एप से दर्ज कराने एवं उसी आधार पर वेतन आहरण करने के निर्देश दिए गए। सेलवा, बोपली, सिंगोड़ी, अगासी एवं सांवरी की एएनएम को गर्भवती माताओं के एएनसी पंजीयन में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। प्रगति नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए केवल शासकीय अस्पतालों में ही भर्ती कराया जाए। निजी अस्पताल में भर्ती कराने पर संबंधित आशा कार्यकर्ता के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसएएम एवं एमएएम श्रेणी के बच्चों के चिन्हांकन, पंजीयन तथा पोषण ट्रैकर एप पर खाद्यान्न वितरण की एंट्री में कम प्रगति पाए जाने पर कोसुंबा एवं महकेपार की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं सीएचओ संयुक्त रूप से सप्ताह में कम से कम एक बार गांव का भ्रमण अवश्य करें।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नक्शा तरमीम, फार्मर रजिस्ट्री एवं नामांतरण प्रकरणों में कुछ पटवारियों की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 दिनों में सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा में आंजनबिहरी, बड़पानी, बिसापुर एवं कलगांव में लेबर बजट का उपयोग नहीं करने तथा जॉब कार्ड धारकों को कार्य उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित रोजगार सहायकों को कड़ी चेतावनी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि कार्यों में सुधार नहीं होने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। मनरेगा के उपयंत्रियों को पूर्ण हो चुके कार्यों के सीसी शीघ्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम पंचायत सचिवों को अटल पेंशन योजना, संबल योजना, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कटंगी एवं तिरोड़ी तहसील के गांवों में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उप संचालक कृषि को पराली प्रबंधन, सार्थक एप से कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कराने तथा जे-फार्म एप पर किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कटंगी एसडीएम के सी ठाकुर, सभी विभागों के जिला स्तरीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी, कटंगी एवं तिरोड़ी के तहसीलदार उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ