14 वर्ष आयु की सभी बालिकाओं को एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं — कलेक्टर श्री मीना।

REPORTER
By -
0
बालाघाट
कलेक्टर मृणाल मीना ने आमजन से अपील की है कि वे अपने परिवार, पड़ोस एवं परिचितों की 14 वर्ष आयु की सभी बालिकाओं को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए 28 फरवरी 2026 से राष्ट्रव्यापी निःशुल्क टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष की बालिकाओं को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है।
जिले में बालाघाट जिला के जिला चिकित्सालय बालाघाट, सिविल अस्पताल बैहर, लांजी, वारासिवनी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी, खैरलांजी, लालबर्रा, किरनापुर, बिरसा एवं परसवाड़ा में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। बालिकाएं इनमें से किसी भी केंद्र पर जाकर टीका लगवा सकती हैं।
जिन बालिकाओं ने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, वे इस योजना के अंतर्गत पात्र हैं और उन्हें यह टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। टीकाकरण के बाद बालिका को 30 मिनट तक स्वास्थ्य केंद्र पर अवलोकन में रखा जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि टीकाकरण से पूर्व बालिका खाली पेट न हो।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संभावित हल्के दुष्प्रभाव जैसे इंजेक्शन स्थल पर दर्द, सिरदर्द या थकान सामान्य हैं और शीघ्र ही ठीक हो जाते हैं। कलेक्टर श्री मीना ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और बालिकाओं के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default