भोपाल। संस्कार सेना के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को देश के वरिष्ठ नेता, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री माननीय शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट कर संगठन द्वारा देशभर में चलाए जा रहे "माता-पिता के सम्मान" अभियान की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने इस अवसर पर संस्था की स्मारिका भेंट की और संगठन का मेडल पहनाकर मंत्री जी का सम्मान किया।
संस्था की गतिविधियों और मूल्यों को सुनकर माननीय शिवराज सिंह चौहान ने गहरी रूचि दिखाई और कहा, "इस मेडल के असली हकदार आप लोग हैं। आप समाज के लिए एक बहुत ही जरूरी और पुण्य कार्य कर रहे हैं। मैं आपके कार्यों की दिल से सराहना करता हूं।"
उन्होंने संस्था के संस्थापक हरभजन जांगड़े का भी मेडल से सम्मान किया और उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
इस अवसर पर संस्था के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामबाबू सराठे और राष्ट्रीय सचिव अलका धुर्वे से भी मंत्री जी ने चर्चा की और उनके योगदान की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी भावना से सेवा कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
संस्कार सेना का यह अभियान भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों के पुनर्स्थापन की दिशा में एक सशक्त प्रयास है, जिसकी अब देश के शीर्ष नेतृत्व से भी सराहना मिलने
लगी है।