भारतीय सेना में लंबे समय तक देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होकर अपने गांव लौटे जवान ललित बिसाने का 2 अक्टूबर को छोटी कुम्हारी चौक में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ग्रामीणों, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत कर देश सेवा के लिए सम्मान व्यक्त किया।
सेना की वर्दी में देश की सुरक्षा और मातृभूमि की सेवा करने वाले ललित बिसाने के गांव लौटने पर लोगों में उत्साह देखने को मिला। समारोह में ग्रामीणों ने उनके सेवा कार्यों को याद करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।
👉 “वतन की रक्षा से लेकर मातृभूमि की सेवा तक...”
--------------------------------------
सम्मान समारोह के दौरान ललित बिसाने को पुष्पहार एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उनके सम्मान में लगाए गए बैनर पर लिखा गया— “वतन की रक्षा से लेकर मातृभूमि की सेवा तक, आपका हर कदम देश के नाम रहा।”
👉 गांव के विकास कार्यों की सराहना
--------------------------------------------
सेवानिवृत्त सैनिक ललित बिसाने ने गांव की वर्तमान सरपंच सावन पिछोड़े के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव में युवाओं के लिए व्यायामशाला, विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी और खेलकूद के लिए मैदान जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों के लिए ऐसी सुविधाएं गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सेवानिवृत्ति के बाद गांव की मिट्टी में लौटे ललित बिसाने का सम्मान समारोह देश सेवा के प्रति ग्रामीणों की कृतज्ञता और सैनिकों के प्रति सम्मान का संदेश देता नजर आया।
