29 अक्टूबर 2026। कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरुवार की रात नगरीय क्षेत्र बालाघाट में रैन बसेरा और बस स्टैंड का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रैन बसेरा में ठहरे लोगों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली, वहीं बस स्टैंड पर स्वच्छता और रोशनी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने रैन बसेरा में रात्रि विश्राम कर रहे लोगों से मुलाकात की और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उके को रैन बसेरा में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर बस स्टैंड पहुंचे। यहां उन्होंने प्रतीक्षालय और सार्वजनिक शौचालय को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड परिसर में हाई मास्क लाइट लगाने के लिए भी कहा, ताकि रात के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोपाल सोनी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उके उपस्थित रहे।
