02 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मुख्यालय में कुष्ठ निवारण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दहिया, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. रित्विक पटेल एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रियव्रत सोनकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांधीजी के विचारों को स्मरण करते हुए कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में व्याप्त भ्रांतियों व भेदभाव को समाप्त करने का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने कहा कि कुष्ठ रोग का समय पर पता चलने पर उपचार पूरी तरह संभव है। शरीर पर लंबे समय तक रहने वाले दाग-धब्बे, सुन्नपन अथवा अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर बिना संकोच स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। समय पर जांच एवं उपचार से रोग की गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है।
