23 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 23 सितंबर को वारासिवनी विकासखंड के ग्राम कोसमटोला और बड़टोला में मैदानी अमले ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 5 हजार किलोग्राम महुआ लाहन और 30 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की। महुआ लाहन प्लास्टिक के डिब्बों, बोरियों और ड्रमों में भरकर रखा गया था।
जिला आबकारी अधिकारी अजीत कुमार एक्का के अनुसार आबकारी वृत्त वारासिवनी एवं कटंगी के अमले द्वारा की गई कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त महुआ लाहन का आवश्यकतानुसार नमूना लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया।
जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 5 लाख 5 हजार रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में आबकारी वृत्त वारासिवनी प्रभारी संदीप श्रीवास, आबकारी वृत्त कटंगी प्रभारी ज्योति सोनी, मुख्य आरक्षक द्वार सिंह उइके, अतर लाल उइके, नरसिंह टेकाम एवं भानु मर्सकोले सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।
आबकारी अधिकारी एक्का ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा अवैध शराब से जुड़े संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
