राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में बालाघाट के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन। 12 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, जिले को मिले 5 पदक।

REPORTER
By -
0
बालाघाट
भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित मल्टीपरपस हॉल में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में बालाघाट के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के खाते में पांच पदक दर्ज कराए। प्रतियोगिता में जिले के 12 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद सभी खिलाड़ी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर कुमार सत्यम से मुलाकात कर अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में प्रदेश और देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में तन्वी बावनकर और राजीव सोनवाने ने रजत पदक, जबकि मानस अविनाशी, उन्नति मारबादे और ईशान सोनवाने ने कांस्य पदक हासिल किया।
बालाघाट की टीम ने दूसरी बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व किया। खिलाड़ियों ने जिला वुशु संघ के कार्यकारी सचिव एवं वरिष्ठ खिलाड़ी राजीव सोनवाने के मार्गदर्शन और कोच श्रद्धा भागड़कर के प्रशिक्षण में प्रतियोगिता की तैयारी की। करीब एक माह तक मोती गार्डन परिसर में नियमित अभ्यास कराया गया। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों को ऑनलाइन वुशु प्रशिक्षण भी दिया गया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा, खेल जगत से जुड़े पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
        
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default