अभयवाणी समाचार
प्रहलाद गजभिये ( जिला संवाददाता )
बालाघाट17 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित करने जा रहा है। 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। अभियान का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को सेवा, पोषण, शिक्षा, जनभागीदारी और संवाद के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करना है।
👉 तीन दिन, तीन प्रमुख फोकस
-------------------------------------------
अभियान के तहत प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र की सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार की जाएगी। निर्धारित अवधि में केंद्रवार आयोजन होंगे। पहले दिन बच्चों के स्वास्थ्य, खेल और आनंदमयी गतिविधियों पर फोकस रहेगा। 3 से 6 वर्ष के बच्चों के बीच प्रधानमंत्री के संदेश का वाचन, कॉमिक वितरण, मुख्यमंत्री की अपील का प्रसारण, खेल, कहानी, चित्रकला सहित रचनात्मक गतिविधियां कराई जाएंगी। बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण होगा तथा फल और मिठाई का वितरण भी किया जाएगा।
दूसरे दिन मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण संवाद होगा। गर्भवती एवं धात्री माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संतुलित आहार, एनीमिया, स्तनपान, गर्भावस्था एवं प्रसवोत्तर देखभाल जैसे विषयों पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से परामर्श दिया जाएगा।
तीसरे दिन ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित माताएं अपने अनुभव साझा करेंगी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, टेक होम राशन, गर्म पका भोजन सहित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
👉 सोशल मीडिया पर दिखेगी योजनाओं की सफलता
----------------------------------------------
‘आंगन मिलन सेवा’ को डिजिटल माध्यम से भी व्यापक रूप दिया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करीब 10 हितग्राहियों की सफलता की कहानियां तैयार की जाएंगी। अधिकतम एक मिनट के वीडियो के माध्यम से इन कहानियों को सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा।
इनमें कुपोषण से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के अभिभावकों से लेकर पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, स्पॉन्सरशिप, पीएम केयर्स, मुख्यमंत्री बाल कोविड सेवा और सुकन्या समृद्धि योजना के हितग्राहियों की कहानियां भी शामिल होंगी।
👉 फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
-------------------------------------------------
अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता और पर्यवेक्षकों के योगदान को भी सम्मानित किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय की सहभागिता से हितग्राही माताओं, बच्चों तथा सेवा से जुड़े कर्मियों का स्वागत एवं सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और बच्चों के लिए सुरक्षित गतिविधि क्षेत्र सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आयोजन की फोटो, वीडियो और रिपोर्टिंग सामग्री का समयबद्ध संकलन कर विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा।
आंगनवाड़ी बनेगा सरकार और समाज के बीच संवाद का केंद्र
‘आंगन मिलन सेवा’ के जरिए आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित न रखते हुए सरकार और समुदाय के बीच संवाद के प्रभावी मंच के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है। सेवा, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जनसहभागिता को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए अभियान का सामूहिक संदेश दिया जाएगा।
👉 अभयवाणी समाचार
