28 सितंबर 2026। कान्हा टाइगर रिजर्व के कान्हा परिक्षेत्र अंतर्गत नक्तीघाटी बीट के कक्ष क्रमांक 138 में सोमवार सुबह गश्ती दल को करीब 11 माह की बाघिन शावक मृत अवस्था में मिली। गश्ती के दौरान वन क्षेत्र में बाघ के पदचिह्न और रक्त के निशान दिखाई देने पर टीम ने आसपास सघन खोजबीन की, जिसके बाद शावक का शव बरामद किया गया।
घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कराई गई। डॉग स्क्वाड की मदद से भी क्षेत्र में सघन जांच की गई।
👉 पशु चिकित्सकों की जांच में संघर्ष के निशान
******************************
मृत शावक का परीक्षण वरिष्ठ वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल एवं पशु चिकित्सक डॉ. ललित चौरसिया की टीम ने किया। परीक्षण में शावक की आयु लगभग 11 माह और लिंग मादा पाया गया। उसके शरीर पर अन्य वन्यजीव के साथ संघर्ष के निशान और चोटें मिलीं।
चोटों की प्रकृति के आधार पर पशु चिकित्सकों ने आपसी संघर्ष के कारण मृत्यु होने की संभावना जताई है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए शव परीक्षण के दौरान फॉरेंसिक जांच हेतु आवश्यक नमूने भी संकलित किए गए हैं।
👉 NTCA प्रोटोकॉल के तहत किया गया अंतिम निस्तारण
घटना से संबंधित आवश्यक जांच और दस्तावेजीकरण की कार्रवाई पूरी करने के बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) द्वारा निर्धारित मानक प्रोटोकॉल के तहत मृत बाघिन शावक का दाह/भस्मीकरण कर अंतिम निस्तारण किया गया।
