गुरु पूर्णिमा पर पूर्व छात्रों का प्रेरक योगदान, मेधावी विद्यार्थियों के लिए लाखों की छात्रवृत्तियों की सौगात ।

REPORTER
By -
0
        अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो बालाघाट )
  बालाघाट
  गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट में आयोजित समारोह प्रेरणा, सम्मान और शिक्षा के प्रति समर्पण का साक्षी बना। विद्यालय के पूर्व छात्रों ने अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए छात्रवृत्तियों की सौगात दी।
वर्ष 1981 बैच के पूर्व छात्र श्री थान सिंह नाहर ने अपने पिता स्वर्गीय श्री लक्ष्मीचंद नाहर की स्मृति में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए प्रतिवर्ष 44 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान करने की घोषणा की।
समारोह की मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती मोनिका पटेल रहीं। इस अवसर पर सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विनी कुमार उपाध्याय, विद्यालय परिवार, पूर्व छात्र एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व छात्र श्री विनोद नेमा ने स्वर्गीय अधिवक्ता श्री एम.पी. राव की स्मृति में विद्यालय को लगभग 12.80 लाख रुपये की एफडी समर्पित करने की घोषणा की। इस एफडी से प्राप्त ब्याज के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 85 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की जाएगी।
इसी क्रम में पूर्व छात्र श्री कमलेश सिंह ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं के लिए क्रमशः 3,500 रुपये एवं 5,000 रुपये की वार्षिक प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्य अतिथि श्रीमती मोनिका पटेल ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से ऐसी छात्रवृत्तियां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रभारी प्राचार्य श्री शरद ज्योतिषी ने पूर्व छात्रों के इस सराहनीय योगदान को विद्यालय एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
        👉      अभयवाणी की राय          👈
गुरु का सम्मान तभी सार्थक है, जब शिक्षा की ज्योति अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प भी साथ हो। पूर्व छात्रों की यह पहल समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।
         अभयवाणी न्यूज बालाघाट
               👆👆👆👆👆👆
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

6 /related/default