अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये ( जिला संवाददाता बालाघाट)
खैरलांजी / बालाघाट वन परिक्षेत्र खैरलांजी के परिक्षेत्र सहायक कटोरी अंतर्गत 10 अगस्त 2026 की सुबह गश्ती के दौरान चोरपिंडकेपार से पांढरवानी मार्ग के बीच एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। वन्यप्राणी बाघ के हमले की सूचना मिलते ही वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक की पहचान देवकराम पिता श्यामलाल वाघमारे, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम पांढरवानी, तहसील खैरलांजी, जिला बालाघाट के रूप में हुई है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर तीन मवेशी भी मृत मिले। इनमें से एक मवेशी के गले के नीचे वन्यप्राणी के हमले के निशान पाए गए।
👉 वन विभाग ने परिजनों को दी 50 हजार की सहायता
घटना की सूचना मुख्य वन संरक्षक, वनवृत्त बालाघाट एवं वनमंडलाधिकारी, दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट को दी गई। वन विभाग द्वारा 10 अगस्त को मौका स्थल पर जनहानि प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। घटनास्थल पर वन अमले एवं पुलिस बल ने पहुंचकर ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की।
मृतक के परिजनों को वन विभाग की ओर से तात्कालिक सहायता के रूप में 50 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। शासन के नियमानुसार परिवार को कुल 8 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। शेष 7 लाख 50 हजार रुपये की राशि के लिए वन विभाग द्वारा प्रकरण तैयार किया जा रहा है।
👉 पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
देवकराम के शव को परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
👉 बाघ की निगरानी बढ़ाई, ट्रैप कैमरा लगाया
घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। वाहन में स्पीकर लगाकर ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराई जा रही है तथा लोगों को बाघ की मौजूदगी को लेकर सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है।
मवेशियों के गारा स्थल पर ट्रैप कैमरा लगाया गया है, जिसके माध्यम से बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन अमला आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहा है और बाघ के विचरण से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। .
अभयवाणी न्यूज बालाघाट
👆👆👆👆👆👆👆
