प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो बालाघाट )
बालाघाट विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती मोनिका पटेल ने सोमवार 20 जुलाई को शासकीय हाई स्कूल खुरसोड़ी एवं शासकीय उमावि धनसुआ का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया तथा शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।
श्रीमती पटेल ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान स्तर का मूल्यांकन किया और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा सतत अभ्यास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी शिक्षकों को "हमारे शिक्षक" ऐप पर ई-अटेंडेंस समय पर एवं नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पाठ्यपुस्तकों एवं साइकिल वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित प्राचार्यों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए प्राचार्यों एवं शिक्षकों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
श्रीमती मोनिका पटेल ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए भविष्य में भी नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे।
👉 अभयवाणी समाचार पत्र
