बिना लाइसेंस बीज बिक्री पर प्रशासन का शिकंजा, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही। वारासिवनी और लालबर्रा में संयुक्त छापेमारी, बिना अनुमति बीज भंडारण और रिकॉर्ड में अनियमितताएं मिलीं।

बालाघाट
 खरीफ सीजन के मद्देनजर किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने और फर्जी अथवा अवैध बीज बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में वारासिवनी और लालबर्रा क्षेत्र में प्रशासन एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में बिना लाइसेंस बीज बिक्री, रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही और स्टॉक में अनियमितताएं सामने आईं।
संयुक्त टीम ने दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, विक्रय अभिलेख, बीज भंडारण और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में ऐसे बीजों का भंडारण मिला, जिनके विक्रय के लिए आवश्यक लाइसेंस या अनुमति उपलब्ध नहीं थी। वहीं कई दुकानों में स्टॉक और रिकॉर्ड में भी अंतर पाया गया।
प्रशासन ने संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा।
कृषि विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज खरीदें, पक्की रसीद अवश्य लें और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल कृषि विभाग को सूचना दें। जिले में यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved