जनपद पंचायत खैरलांजी के स्थापनापन अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित जनपद सदस्य खुशबू गिरीश बिसेन ने जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। उन्होंने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ऋतु योगेश सुलकिया को 6 मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव परिणाम को पिछले लगभग चार वर्षों से चल रहे राजनीतिक और कानूनी संघर्ष की परिणति माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में हुए जनपद पंचायत चुनाव के बाद अध्यक्ष पद के चुनाव में खुशबू गिरीश बिसेन को पराजय का सामना करना पड़ा था। इसके बाद तत्कालीन अध्यक्ष आशु गुणीराम बघेले के जाति प्रमाण-पत्र को चुनौती देते हुए मामला न्यायालय तक पहुंचा। उच्च न्यायालय के निर्देश पर पुनः सुनवाई के बाद कलेक्टर बालाघाट ने जाति प्रमाण-पत्र को अमान्य घोषित करते हुए अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य पद का निर्वाचन निरस्त कर दिया, जिससे अध्यक्ष पद रिक्त हो गया।
रिक्त पद पर चुनाव कराने के लिए प्रशासन द्वारा प्रक्रिया शुरू की गई। नामांकन जांच के बाद कांग्रेस की ओर से ऋतु योगेश सुलकिया तथा भाजपा की ओर से खुशबू गिरीश बिसेन मैदान में रहीं। मतदान में जनपद पंचायत के 23 सदस्यों ने भाग लिया।
मतगणना में खुशबू गिरीश बिसेन को 14 मत, जबकि ऋतु योगेश सुलकिया को 8 मत प्राप्त हुए। एक मत निरस्त किया गया। इस प्रकार खुशबू गिरीश बिसेन ने 6 मतों के अंतर से जीत हासिल कर स्थापनापन अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी मनाई, मिठाइयां बांटी और पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया।
0 टिप्पणियाँ