21 जून तक चलेगा जनकल्याणकारी महाअभियान, पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर जिलेभर में होंगे जनकल्याण शिविर, पौधारोपण, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं और योग दिवस कार्यक्रम।

बालाघाट
केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक संचालित रहेगा, जिसके अंतर्गत जनकल्याण शिविर, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा योग दिवस से संबंधित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘👉    एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत होगा                          व्यापक पौधारोपण
**********************************-
विश्व पर्यावरण दिवस से प्रारंभ हुए अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों तथा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पीपल, नीम, बरगद और आम जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्षों के रोपण पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान के दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट की सफाई, जल स्रोतों की स्वच्छता एवं गहरीकरण, शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और छात्रावासों में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय क्षेत्रों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग नोडल विभाग की भूमिका निभाएंगे। वन विभाग एवं उद्यानिकी विभाग भी अभियान में सहयोग करेंगे।
👉    12 से 18 जून तक लगेंगे जनकल्याण शिविर
***************************************
विशेष अभियान के अंतर्गत 12 से 18 जून तक जिले के सभी विकासखंडों और नगरीय निकाय मुख्यालयों में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा।
शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना तथा अन्य राज्य एवं केंद्र प्रायोजित कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन एवं लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया संचालित होगी। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा
प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 19 एवं 20 जून 2026 को जिले में दो स्थानों पर विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें कृषि वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ एवं अनुभवी किसान प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान देंगे तथा व्यावहारिक प्रदर्शन भी करेंगे।
इस कार्यक्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा, जबकि उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग सहयोगी विभाग के रूप में सहभागिता करेगा।
    👉  21 जून को मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग                                  दिवस
************************************
अभियान का समापन 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के साथ होगा। जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में स्थानीय योग समूहों के सहयोग से सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग अभ्यास आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कराया जाएगा।
योग दिवस की तैयारियों के लिए एक सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम का नोडल विभाग आयुष विभाग रहेगा, जबकि खेल एवं युवक कल्याण, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा जनजातीय कार्य विभाग सहयोगी विभाग के रूप में कार्य करेंगे।
जनभागीदारी से जनकल्याण को मिलेगा नया आयाम
जिला प्रशासन ने आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा है कि यह विशेष अभियान शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती के संवर्धन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
                    ✍🏻

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved